भारत ने तोड़ा साउथ अफ़्रीका के कोच का गुरूर

Dec 6, 2025 - 21:13
Dec 6, 2025 - 21:15
भारत ने तोड़ा साउथ अफ़्रीका के कोच का गुरूर

भारत ने साउथ अफ्रीका को तीसरे और आखिरी वनडे में 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। यह मुकाबला विशाखापट्टनम के डॉ. वाईएस राजशेखर रेड्डी एसीए-वीडीसीए क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और यह फैसला बिल्कुल सटीक साबित हुआ।

साउथ अफ्रीकी टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं पाई। पूरी टीम 48.3 ओवर में 270 रन पर ढेर हो गई। मेहमान टीम की तरफ से सबसे ज्यादा रन क्विंटन डी कॉक ने बनाए। डी कॉक ने 107 गेंदों में 108 रन की शानदार पारी खेली और इस दौरान उन्होंने अपना शतक भी पूरा किया। उनके अलावा कप्तान टेम्बा बावुमा ने 48, युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 और मैथ्यू ब्रीट्जकी ने 24 रनों का योगदान दिया। बाकी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और टीम 270 तक ही पहुंच पाई।

भारत की गेंदबाजी बेहद शानदार रही। स्पिन गेंदबाज कुलदीप यादव और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा ने कमाल कर दिया। दोनों ने 4-4 विकेट झटके। कुलदीप ने अपने 10 ओवर में सिर्फ 47 रन दिए, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा ने 9.3 ओवर में 57 रन देकर 4 विकेट लिए। इन दोनों के अलावा अर्शदीप सिंह और वॉशिंगटन सुंदर को भी एक-एक विकेट मिला। साउथ अफ्रीका की पूरी तरह दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट गंवाते रही।

271 रन का लक्ष्य भारत के लिए मुश्किल नहीं था, खासकर जब ओपनर इतने शानदार फॉर्म में हों। यशस्वी जायसवाल और कप्तान रोहित शर्मा ने पहले विकेट के लिए 155 रन की शानदार साझेदारी की। रोहित शर्मा ने 75 रन बनाए। यह इस सीरीज में उनकी पहली फिफ्टी थी। वह केशव महाराज की गेंद पर बोल्ड होकर पवेलियन लौटे। इसके बाद यशस्वी जायसवाल ने विराट कोहली के साथ मिलकर बाकी काम आसानी से पूरा कर दिया।

यशस्वी ने इस मैच में अपने वनडे करियर का पहला शतक ठोका। उन्होंने 111 गेंदों पर 103 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 3 छक्के शामिल थे। दूसरी तरफ विराट कोहली ने सिर्फ 40 गेंदों पर नाबाद 50 रन जड़ दिए। उनकी पारी में 6 चौके और 1 छक्का लगा। आखिरी ओवर में लुंगी एनगिडी की गेंद पर विराट ने लगातार दो चौके जड़कर भारत को 9 विकेट से शानदार जीत दिला दी। भारत ने 40 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। साउथ अफ्रीका की तरफ से सिर्फ केशव महाराज को एकमात्र सफलता मिली।

इस जीत के साथ ही भारत ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से जीत ली। दूसरा वनडे साउथ अफ्रीका ने बहुत बड़े अंतर से जीता था। उस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 359 रन बनाए थे, लेकिन साउथ अफ्रीका ने वह लक्ष्य आसानी से चेज कर लिया था। लेकिन तीसरे और निर्णायक मैच में भारतीय टीम ने शानदार वापसी की और सीरीज अपने नाम कर ली।

इस सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज 2-0 से जीती थी। अब दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेली जाएगी, जो 9 दिसंबर 2025 से शुरू हो रही है। भारतीय टीम इस जीत से काफी उत्साहित होगी और टी-20 सीरीज में भी यही लय बरकरार रखना चाहेगी।