कैंसिल हुई स्मृति और पलाश की शादी
भारतीय महिला क्रिकेटर स्मृति मंधाना और गायक पलाश मुछाल की शादी अब नहीं होगी। स्मृति और पलाश दोनों ने ही इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाकर इसकी जानकारी दी। दोनों की शादी 23 नवंबर को होनी थी।
संगीत से लेकर हल्दी तक सारे कार्यक्रम हो चुके थे। अब बारात की तैयारियां चल रही थीं। लेकिन 23 नवंबर की सुबह स्मृति के पिता को हार्ट अटैक आने के कारण शादी पोस्टपोन कर दी गई थी।
इसके बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें फैलने लगीं। दावा किया गया कि पलाश ने स्मृति के साथ धोखा किया है और उनका नाम वेडिंग कोरियोग्राफर से जोड़ा गया। इसी दौरान, स्मृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी से जुड़ी सभी तस्वीरें हटा दी थीं।
स्मृति ने पोस्ट में लिखा, “पिछले कुछ हफ्तों से मेरी निजी जिंदगी को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही हैं, इसलिए मुझे लगा कि इस समय मुझे खुद इस बारे में बात कर देनी चाहिए। मैं बहुत निजी स्वभाव की इंसान हूं और अपनी प्राइवेसी बनाए रखना चाहती हूं, लेकिन यह साफ करना जरूरी है कि शादी अब कैंसिल हो गई है
मैं चाहती हूं कि यहीं इस मामले को खत्म कर दिया जाए और आप सभी से भी यही अनुरोध है कि इस विषय को आगे न बढ़ाएं। कृपया इस समय दोनों परिवारों की निजी जिंदगी का सम्मान करें और हमें थोड़ा समय दें, ताकि हम अपनी भावनाओं को संभाल सकें और आगे बढ़ सकें।”
स्मृति के बाद पलाश ने भी इंस्टा स्टोरी लगाई और लिखा, “मैंने अपने जीवन में आगे बढ़ने और अपनी निजी रिश्ते से पीछे हटने का फैसला किया है। मेरे लिए यह बहुत मुश्किल स्थिति रही है, खासकर तब जब लोग बिना किसी आधार के फैल रही अफवाहों पर इतनी आसानी से रिएक्ट करते हैं। जो चीज मेरे लिए सबसे पवित्र थी, उसी पर ऐसी बातें होना बेहद दुखद है। यह मेरे जीवन का सबसे कठिन दौर है, और मैं इसे अपनी मान्यताओं पर टिके रहते हुए शांत और सम्मानजनक तरीके से संभालूंगा।
मैं सच में उम्मीद करता हूं कि हम एक समाज के रूप में यह सीखें कि किसी के बारे में बिना सत्यापित खबरों और अनजान सोर्स वाली गॉसिप पर भरोसा करके तुरंत फैसला न करें। हमारे शब्द कभी-कभी ऐसे घाव दे सकते हैं जिनकी गहराई हम समझ भी नहीं पाते।
मेरी टीम उन लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी जो झूठी और बदनाम करने वाली बातें फैला रहे हैं। इस कठिन समय में जिन्होंने मेरे साथ खड़े होकर मेरा साथ दिया, उनके लिए मैं दिल से धन्यवाद करता हूं।”