स्मृति और पलाश की शादी को लेकर पलक मुछाल ने तोड़ी चुप्पी
म्यूजिक कंपोजर पलाश मुछाल और क्रिकेटर स्मृति मंधाना 23 नवंबर को शादी के बंधन में बँधने वाले थे, लेकिन स्मृति के पिता की तबीयत खराब होने की वजह से तय तारीख पर ये शादी नहीं हो पा रही है। इस सिलसिले में अब पलाश की बहन और सिंगर पलक मुछाल ने बताया है कि दोनों परिवार इस समय ठीक हाल में नहीं हैं कि शादी कर सकें।
फिल्मफेयर अवार्ड शो के दौरान बातचीत में पलक ने कहा, “दोनों परिवार एक बहुत मुश्किल वक्त से गुजर रहे हैं। जैसा आपने कहा, हम इस समय सिर्फ पॉजिटिव रहना चाहते हैं। जितना हो सके पॉजिटिविटी फैलाना चाहते हैं। हम सभी मजबूत बने रहने की कोशिश कर रहे हैं।”
गौरतलब है कि पलाश और स्मृति की शादी तब टली थी जब स्मृति के पिता को शादी के कुछ घटें पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया और ठीक इसके अगले दिन पलाश की तबीयत भी बिगड़ गई और उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में दोनों को छुट्टी दे दी गई।
शादी टलने की खबर के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की अफवाहें भी फैली। यहाँ तक दावा किया गया कि पलाश मुछाल ने स्मृति के साथ धोखा किया है। साथ ही उनका नाम वेडिंग कोरियोग्राफर के साथ भी जोड़ा गया। इसी बीच, स्मृति ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी से जुड़ी सभी तस्वीरें भी हटा दी थीं। पलाश और स्मृति ने अब तक इस पूरे मामले पर कोई बयान नहीं दिया है।
लेकिन पिछले सोमवार को पलाश, संत प्रेमानंद महाराज से मिलने पहुंचे थे। वृंदावन के केलीकुंज आश्रम में बाकी भक्तों की तरह ही पलाश भी मास्क लगाए दिखे। उन्होंने एकांत वार्तालाप के दौरान ‘राधा-राधा’ नाम जप किया।
सोमवार को स्मृति के साथ शादी टलने के बाद ये दूसरी बार था जब पलाश मुछाल खुले तौर पर नजर आए। इससे पहले उन्हें एयरपोर्ट पर ऑल-ब्लैक लुक में देखा गया था।
इन सब के बीच पलाश और स्मृति की शादी की नई डेट को लेकर हाल ही में दावा किया जा रहा था कि दोनों 7 दिसंबर को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। इस शादी में केवल दोनों के परिवार वाले ही शामिल होंगे, लेकिन स्मृति के भाई श्रवण मंधाना ने इस दावे को पूरी तरह नकारते हुए कहा, “मुझे इन अफवाहों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। फिलहाल शादी पोस्टपोन है।”