Haryana Municipal Election Result 2025: हरियाणा के निकाय चुनाव में कांग्रेस को बुरी तरह से हार का सामना करना पड़ा है। 10 नगर निगमों में से कांग्रेस एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर पाई। कांग्रेस की इस हार पर पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hudda) ने इस हार पर एक बयान दिया है जो चर्चा का विषय बना हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री ने बुधवार को हरियाणा नगर निगम चुनावों में बीजेपी के प्रदर्शन को कमतर बताते हुए कहा कि पार्टी पहले भी जीत चुकी है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hudda) ने कहा कि बीजेपी पहले भी जीत चुकी है। इसमें नया क्या है?...हमने कभी यह कहा ही नहीं कि हमने ये चुनाव गंभीरता से लड़ा... जब मैं मुख्यमंत्री था, तब भी मैंने कभी पंचायत चुनावों में हिस्सा नहीं लिया। इन चुनावों में सिर्फ भाईचारा काम करता है... अगर हमारे पास (स्थानीय निकायों में) एक सीट होती और हम हार जाते तो हम कह सकते थे कि ये नतीजा हमारे लिए नुकसानदेह है ...इन चुनावों में ज्यादातर निर्दलीय उम्मीदवार खड़े होते हैं।
हरियाणा में बीजेपी के बने 9 मेयर
बुधवार को नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी शानदार जीत हासिल की। भाजपा के नौ महापौर पदों पर जीत हासिल करने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने कहा कि स्थानीय निकाय सरकार और राज्य स्तर पर ट्रिपल इंजन वाली सरकार विकसित भारत के विजन को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्हों राज्य की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव के नतीजे हरियाणा की ट्रिपल इंजन वाली सरकार पर "स्वीकृति की मुहर" हैं। हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी ने निकाय चुनावों में एतिहासिक जीत दर्ज की है। मानेसर को छोड़कर नौ स्थानों पर बीजेपी उम्मीदवारों ने महापौर पद पर जीत दर्ज की है। ज्ञात हो कि मतदान 2 मार्च को हुआ था।