दिल्ली के इंडिया गेट पर प्रदूषण विरोधी प्रदर्शन में माडवी हिडमा के पोस्टर लहराए, पुलिस से झड़प
प्रोटेस्टर्स ने "माडवी हिडमा अमर रहे" जैसे नारे लगाए। उन्होंने पोस्टरों पर "माडवी हिडमा को लाल सलाम" जैसे नारे भी लिखे। एक प्रोटेस्टर के हाथ में पोस्टर था जिस पर लिखा था, "बिरसा मुंडा से माडवी हिडमा तक, हमारे जंगल और पर्यावरण के लिए संघर्ष जारी रहेगा।"
प्रोटेस्ट के दौरान भीड़ की पुलिस से हाथापाई हुई। प्रोटेस्टर्स ने पुलिस पर पेपर स्प्रे किया, जिससे तीन-चार पुलिसवाले घायल हो गए। सोमवार को दिल्ली पुलिस ने पुलिस पर पेपर स्प्रे करने और सड़क जाम करने के आरोप में 15 लोगों को गिरफ्तार किया। उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
बता दें कि 1 करोड़ रुपये के इनामी नक्सली हिडमा को 18 नवंबर को आंध्र प्रदेश के एलुरु सीताराम राजू जिले में सुरक्षा बलों ने एक एनकाउंटर में मार गिराया था। वह ढाई दशक से छत्तीसगढ़ के बस्तर में एक्टिव था। वह 26 बड़े हमलों का मास्टरमाइंड था।
न्यूज़ एजेंसी ANI के मुताबिक, होम मिनिस्टर अमित शाह ने सिक्योरिटी फोर्सेस को हिडमा को खत्म करने के लिए 30 नवंबर तक की डेडलाइन दी थी। इसके बाद आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के बॉर्डर पर मौजूद मरेदमिल्ली के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। डेडलाइन से 12 दिन पहले ही इस ऑपरेशन में हिडमा मारा गया।
हिडमा 2010 के दंतेवाड़ा हमले में शामिल था, जिसमें CRPF के 76 जवान शहीद हुए थे। उसने 2013 के झीरम घाटी हमले और 2021 के सुकमा-बीजापुर हमले में भी भूमिका निभाई थी।