चुनाव के बाद शांति बनाए रखने के लिए पुलिस ने शहर में निकाला फ्लैग मार्च
विधानसभा चुनाव संपन्न होने के बाद शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। चुनावी रंजिश या आपसी विवाद की धमकी को देखते हुए, वरीय अधिकारियों के निर्देश पर नगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। नगर अधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल ने शहर के मुख्य इलाकों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में भ्रमण किया।
फ्लाग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने तथा किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की। निरीक्षक राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर नगर थाना क्षेत्र के सभी संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यह फ्लैग मार्च किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य चुनाव के बाद किसी भी प्रकार के विवाद या तनाव को रोकना है।