राजस्थान में भड़के किसानों ने मचाया उपद्रव

Dec 11, 2025 - 15:19
Dec 11, 2025 - 15:26
राजस्थान में भड़के किसानों ने मचाया उपद्रव

हनुमानगढ़ में एथेनॉल फैक्ट्री को लेकर लगातार विरोध-प्रदर्शन जारी है। आज किसान सभा में जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पहले ही रोक दिया है और उन्हें हिरासत में ले लिया।

विधायक रुपिंदर सिंह कुन्नर को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दूसरी ओर किसानों ने भी चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

गुरुवार दोपहर टिब्बी के गुरुद्वारा सिंह सभा में किसानों की सभा हो रही है। इस सभा में महिलाएं भी शामिल हुई हैं।

बुधवार को किसानों द्वारा जिले के राठीखेड़ा गांव में निर्माणाधीन ड्यून एथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री की दीवार तोड़ दी गई। अंदर घुसे प्रदर्शनकारियों ने ऑफिसको भी आग के हवाले कर दिया।

इस घटना के बाद पुलिस और किसानों के बीच जमकर पत्थरबाजी हुई। बवाल में कांग्रेस विधायक सहित 70 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। कुछ घायल लोग रातभर टिब्बी के गुरुद्वारे में ही रुके रहे।

फ़िलहाल जिले के टिब्बी क्षेत्र में इंटरनेट बंद है। वहीं, फैक्ट्री के आसपास रहने वाले करीब 30 परिवार घर छोड़कर भाग गए हैं।

आख़िर क्या है पूरा मामला?

  • एथेनॉल प्लांट का निर्माण: चंडीगढ़ में रजिस्टर्ड ड्यून इथेनॉल प्राइवेट लिमिटेड कंपनी राठीखेड़ा में 40 मेगावाट का अनाज आधारित एथेनॉल प्लांट लगा रही है। कंपनी का दावा है प्लांट केंद्र के एथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल (EBP) प्रोग्राम को सपोर्ट करेगा।
  • 10 महीने चला था शांतिपूर्ण विरोधसितंबर 2024 से जून 2025 तक लगभग 10 माह शांतिपूर्ण विरोध चला। जुलाई 2025 में विरोध तेज हुआ। कंपनी ने चारदीवारी (बाउंड्री वॉल) का निर्माण शुरू किया, जिससे किसानों का गुस्सा भड़का।
  • फैक्ट्री निर्माण फिर शुरू होने से नाराजगी19 नवंबर 2025 पुलिस सुरक्षा में फैक्ट्री निर्माण फिर शुरू हुआ। किसान नेता महंगा सिंह समेत 12 से अधिक किसान नेता गिरफ्तार। 20-21 नवंबर 67 लोगों ने गिरफ्तारी दी।
  • विरोध में फैक्ट्री की दीवार तोड़ी: बुधवार (10 दिसंबर) दोपहर किसानों ने टिब्बी एसडीएम ऑफिस के सामने बड़ी सभा की। शाम करीब 4 बजे सैकड़ों किसान ट्रैक्टर लेकर फैक्ट्री साइट पर पहुंच गए। दीवार तोड़ दी गई और पुलिस से झड़प शुरू हो गई।