मात्र तीन साल के सर्वज्ञ सिंह ने शतरंज में रचा इतिहास

Dec 5, 2025 - 13:26
मात्र तीन साल के सर्वज्ञ सिंह ने शतरंज में रचा इतिहास

भारत के सर्वज्ञ सिंह कुशवाहा ने मात्र तीन साल, सात महीने, 20 दिन की उम्र में ही एक इतिहास रच दिया है। मध्य प्रदेश के सागर जिले के इस खिलाड़ी ने आधिकारिक फिडे रेटिंग हासिल कर दुनिया के सबसे कम उम्र के रेटेड चेस खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अब अपने नाम कर लिया है।

यह उपलब्धि सर्वज्ञ ने कोलकाता के अनीष सरकार का रिकॉर्ड तोड़कर हासिल की, जिन्होंने पिछले वर्ष तीन साल, 8 महीने, 19 दिन की उम्र में इस मील के पत्थर पर अपना निशान छोड़ा था। नर्सरी में पढ़ने वाले सर्वज्ञ की शतरंज की समझ और खेल कौशल उनकी उम्र से कहीं आगे निकल चुकी है, उनकी रैपिड रेटिंग 1572 की है। सर्वज्ञ के पिता सिद्धार्थ सिंह की माने तो, उन्होंने बेटे की अद्भुत स्मरण शक्ति और तेज सीखने की क्षमता को देखते हुए उसे पिछले साल शतरंज की ओर उन्हें प्रेरित किया। सिर्फ एक हफ्ते में ही सर्वज्ञ सभी मोहरों के नाम और उनकी चालें बिल्कुल सही सीख लिया। उनमें ऐसी एकाग्रता और धैर्य है जो उनकी उम्र के बच्चों में आसानी से नहीं मिलती है।

सर्वज्ञ रोजाना चार से पांच घंटे शतरंज की प्रैक्टिस करता है। साथ ही वह एक घंटे स्थानीय ट्रे​निंग सेंटर में प्रैक्टिस करता है। इसके अलावा ऑनलाइन वीडियो से टेक्निक सीखता है। खास बात है कि वह रात में उठकर भी बिना थके घंटों खेल सकता है।

उनके कोच नितिन चौरसिया बताते हैं कि शुरुआत में सर्वज्ञ को ट्रेनिंग देना कठिन था। हल्की डांट पर भी वह रो पड़ते थे। ऐसे में उन्होंने दिलचस्प तरीका अपनाया। वे उसे हर सही चाल पर टॉफी या चिप्स देकर प्रोत्साहित करते। सर्वज्ञ के घड़ी दबाने का अंदाज बताता है कि वह अपने प्रतिद्वंद्वी को सहज नहीं रहने देना चाहते।

जिस उम्र में सर्वज्ञ ने फिडे रेटिंग हासिल कर ली है, उस उम्र में आनंद, कार्लसन, गुकेश जैसे दिग्गजों ने अभी खेलना भी शुरू नहीं किया था। नंबर-1 मैग्नस कार्लसन ने 5 साल, ​5 बार के विश्व विजेता आनंद ने छह साल, वर्ल्ड चैम्पियन डी. गुकेश ने सात साल की उम्र में खेलना शुरू किया था।