गुवाहाटी टेस्ट: साउथ अफ्रीका 6 विकेट पर 247, ऋषभ पंत बने भारत के 38वें टेस्ट कप्तान
शनिवार को ऋषभ पंत भारत के 38वें टेस्ट कप्तान बने। वे महेंद्र सिंह धोनी के बाद भारत की कप्तानी करने वाले दूसरे विकेटकीपर हैं। टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में पहली बार लंच से पहले टी ब्रेक लिया गया। दूसरे टेस्ट के टॉप मोमेंट्स...
1. पंत विकेटकीपर के तौर पर भारत के दूसरे टेस्ट कप्तान बने
ऋषभ पंत शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में टीम की कप्तानी कर रहे हैं। पंत भारत के 38वें टेस्ट कप्तान बने। वे एमएस धोनी के बाद भारत की टेस्ट टीम को लीड करने वाले दूसरे विकेटकीपर हैं। धोनी ने 2008 से 2014 के बीच 60 टेस्ट में कप्तानी की।
दूसरे टेस्ट से पहले, BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मन्हास और सेक्रेटरी देवजीत सैकिया को मैच को फॉर्मल तरीके से शुरू करने के लिए बुलाया गया। दोनों ऑफिशियल्स मैदान पर पहुंचे और मैच शुरू करने के लिए घंटी बजाई।
गुवाहाटी में पहला टेस्ट मैच हो रहा है, इसलिए प्री-मैच सेरेमनी के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों ने स्टेडियम के पोर्ट्रेट पर अपने साइन किए।
सातवें ओवर में एडेन मार्करम को लाइफ मिली। ओवर की दूसरी बॉल पर जसप्रीत बुमराह ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल-लेंथ डिलीवरी की। मार्करम ने शॉट खेला। बॉल ने बाहरी किनारा लिया और स्लिप में चली गई। केएल राहुल अपनी बाईं ओर झुके और कैच लेने की कोशिश की, लेकिन बॉल उनके हाथ से फिसल गई।
35वें ओवर के बाद, साउथ अफ्रीका के फिजियो मैदान पर आए और बावुमा की जांच की। मोहम्मद सिराज ने 35वें ओवर की तीसरी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर फेंकी। गेंद बावुमा की कोहनी पर लगी।
गुवाहाटी में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरे टेस्ट के पहले दिन लंच से पहले टी ब्रेक लिया गया। टेस्ट क्रिकेट के 148 साल के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है।
यह बदलाव इसलिए किया गया क्योंकि नॉर्थईस्ट इंडिया में सूर्योदय और सूर्यास्त जल्दी होता है। इसलिए, पहला सेशन सुबह 9 बजे शुरू हुआ और 11 बजे तक चला, जिसके बाद 11:00 बजे से 11:20 बजे तक टी ब्रेक हुआ।