Bihar Cabinet Expansion: शाम 4 बजे नीतीश कैबिनेट का होगा विस्तार

Bihar Cabinet Expansion: बिहार में आज शाम 4 बजे नीतीश कैबिनेट का विस्तार होगा। कैबिनेट विस्तार को लेकर राजभवन में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक BJP के 7 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। JDU कोटे से कोई नया मंत्री नहीं होगा।
अपर मुख्य सचिव एस सिद्धार्थ मंत्रियों की लिस्ट लेकर राजभवन पहुंचे हैं। उन्होंने राज्यपाल के प्रधान सचिव को शपथ लेने वाले विधायकों की लिस्ट सौंप दी है.शपथ लेने वाले विधायकों को राजभवन से फोन आने शुरू हो गए हैं। एक विधायक ने बताया कि देर रात ही दिलीप जायसवाल ने 7 विधायकों को कॉल कर पटना आने को कह दिया था। बुधवार सुबह करीब 10 बजे दिलीप जायसवाल ने मंत्री पद से इस्तीफा दिया। उन्होंने CM नीतीश कुमार को अपना इस्तीफा सौंपा।
राजस्व विभाग में अच्छा काम करने की कोशिश की
दिलीप जयसवाल ने अपने इस्तीफा के बाद कहा- 'BJP में एक व्यक्ति एक पद का फॉर्मूला है, इसलिए मैंने आज मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया है। कैबिनेट विस्तार होना है। ये मुख्यमंत्री जी का अधिकार है। इसमें जातीय समीकरण का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा।'
'मैंने राजस्व विभाग में हमेशा अच्छा करने की कोशिश की। भविष्य में भी मेरे बारे में चर्चा चलेगी। राजस्व विभाग में मैंने सर्वे का काम शुरू किया था। उस दौरान उथल-पुथल मची हुई थी। हमने फिर भी अपना काम जारी रखा। 14 करोड़ पन्नों को हमने डिजिटल किया है।'
जातीय गणित भी साधने की कोशिश
बिहार में होने वाले इस मंत्रिमंडल विस्तार में 2025 विधानसभा चुनाव को देखते हुए जातीय गणित को भी साधने की पूरी कोशिश की गई है। जानकारी के मुताबिक, अगड़ी जाति से दो मंत्री बन सकते हैं। राजपूत और भूमिहार जाति से भी मंत्री बनने की संभावना है।
अति पिछड़ा में दो लोगों को मंत्री बनाया जा सकता है। तेली जाति से एक मंत्री बनना लगभग तय है। पिछड़ा समाज से भी मंत्री बनाया जा सकता है। कुर्मी और कुशवाहा समाज से एक-एक मंत्री बनाने की चर्चा है।
What's Your Reaction?






