मूर्ति ने फिर उठाई 72 घंटे वर्कवीक की मांग, चीन के 9-9-6 मॉडल का दिया उदाहरण
इंफोसिस के को-फाउंडर नारायण मूर्ति ने एक बार फिर देश में काम के घंटे बढ़ाने की वकालत की है। सोमवार को एक इंटरव्यू में मूर्ति ने चीन के मशहूर "9-9-6 मॉडल" (सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक, हफ्ते में 6 दिन) का ज़िक्र किया। मूर्ति ने कहा, "अगर भारत को चीन जितनी तेज़ी से तरक्की करनी है, तो युवाओं को हफ्ते में कम से कम 72 घंटे काम करना होगा।" उन्होंने आगे कहा कि देश के हर नागरिक, ब्यूरोक्रेट और कॉर्पोरेट लीडर को इसे हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। मूर्ति ने आगे कहा कि भारत ने अब तक अच्छी तरक्की की है (6.57% इकोनॉमिक ग्रोथ), लेकिन चीन की बराबरी करने के लिए और भी बहुत मेहनत करने की ज़रूरत है। उन्होंने भारतीय युवाओं से चीन जितनी मेहनत करने की अपील की।
यह पहली बार नहीं है जब नारायण मूर्ति ने काम के घंटे बढ़ाने की वकालत की है। 2023 में एक पॉडकास्ट में उन्होंने भारतीय युवाओं को हफ्ते में 70 घंटे काम करने की सलाह दी थी।
इस पर सोशल मीडिया पर खूब रिएक्शन आया। कई युवा इसे प्रैक्टिकल नहीं और सेहत के लिए खतरनाक बता रहे थे, जबकि कुछ लोग उनसे सहमत भी थे।