दिल्ली-NCR में कोल्ड वेव और गंभीर एयर क्वालिटी, AQI 413 पहुंचा , GRAP-3 लागू
पूरे देश में ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। बर्फीली हवाओं से मध्य प्रदेश नवंबर में कांप उठा। मंगलवार रात 11 शहरों में तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। अगले चार दिनों के लिए कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मंगलवार रात कई शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। मौसम विभाग ने सीकर में चार दिन और टोंक में एक दिन कोल्ड वेव का येलो अलर्ट जारी किया है।
इस बीच, दिल्ली की एयर क्वालिटी काफी खराब हो गई है। बुधवार सुबह एवरेज AQI 413 रिकॉर्ड किया गया, जो 'गंभीर' कैटेगरी में आता है। वजीरपुर में सबसे ज्यादा 459 रिकॉर्ड किया गया। आनंद विहार, चांदनी चौक, बवाना, रोहिणी और ITO समेत ज्यादातर इलाकों में भी एयर क्वालिटी खतरनाक लेवल पर पहुंच गई है। दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू कर दिया गया है। इसके बाद, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 5वीं क्लास तक के स्टूडेंट्स के लिए ऑनलाइन (हाइब्रिड) पढ़ाई और दिल्ली में कंस्ट्रक्शन का काम रोकने के आदेश जारी किए। इसके अलावा, BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीज़ल फोर-व्हील-ड्राइव गाड़ियों पर बैन लगा दिया गया है। BS-4 डीज़ल इंजन वाली मीडियम और भारी मालवाहक गाड़ियों को भी दिल्ली में आने से रोक दिया जाएगा।