दिल्ली का AQI 506 पहुँचा, दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बना दिल्ली-NCR
दिल्ली-NCR में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 506 था, जो खतरनाक कैटेगरी में आता है। दुनिया भर में एयर प्रदूषण मापने वाली इंटरनेशनल संस्था IQ Air की लाइव रैंकिंग में दिल्ली को दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बताया गया।
बढ़ते एयर प्रदूषण की वजह से दिल्ली सरकार ने नवंबर और दिसंबर में सभी स्कूलों में स्पोर्ट्स इवेंट्स पर रोक लगा दी है। इससे पहले, 18 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली-NCR में प्रदूषण की वजह से दिल्ली के स्कूलों में स्पोर्ट्स फंक्शन न कराने का आदेश दिया था।
इस बीच, मध्य प्रदेश में पिछले 15 दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पिछले 24 घंटों में भोपाल और इंदौर समेत 12 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया। राजगढ़ में सबसे कम तापमान 7.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबलपुर में घना कोहरा छाया रहा। शुक्रवार को इंदौर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर और सीहोर में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी है।
उत्तराखंड के बद्रीनाथ में तापमान माइनस 6°C से नीचे है। सुबह मैदानी इलाकों में कोहरा छा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक राज्य में मौसम ऐसा ही रहेगा। आगे भी बर्फबारी की उम्मीद है।