बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान नजदीक आने के साथ चुनावी बयानबाजी भी तेज हो गई है. पूर्णिया में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव पर तीखा हमला बोला. उन्होंने RJD नेता और लालू के छोटे बेटे तेजस्वी यादव को भी नहीं बख्शा. इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर घुसपैठियों का मुद्दा उठाया. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की अगली सरकार घुसपैठियों को बाहर निकालने पर तेजी से काम करेगी. उन्होंने कहा कि अगले पांच-सालों में उनकी अगली सरकार घुसपैठियों को चुन-चुनकर बाहर निकालेगी.
अमित शाह ने चुनावी सभा के बाद सवाल किया क्या घुसपैठियों को हमारे देश का प्रधानमंत्री या किसी राज्य का मुख्यमंत्री चुनने की इजाजत दी जा सकती है? इंडिया टुडे से जुड़े गौरव सांवत से बात करते हुए अमित शाह ने कहा,
"मैं देश की जनता को कहना चाहता हूं कि किसी भी राज्य का सीएम या देश का पीएम कौन होगा, ये निर्णय जो इस देश के नागरिक नहीं हैं, ऐसे लोग लेंगे क्या? किस तरह से देश सुरक्षित रहेगा? किस तरह से हमारा लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा? विपक्ष के लिए (घुसपैठिए) वोट बैंक का मुद्दा है. हमारे लिए हमारे लोकतंत्र की सुरक्षा का और देश की सुरक्षा का मुद्दा है."