गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल अमेरिका से डिपोर्ट, आज IGI एयरपोर्ट पहुंचेगा
गैंगस्टर लॉरेंस के भाई अनमोल को अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। उसके बुधवार सुबह दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर पहुंचने की उम्मीद है। अमेरिका से कुल 200 लोगों को डिपोर्ट किया गया है, जिसमें भारत के तीन लोग शामिल हैं। अनमोल के अलावा दो लोग पंजाब के हैं।
गैंगस्टर अनमोल अप्रैल 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी की घटना में वॉन्टेड आरोपी है। वह पिछले साल मुंबई में NCP नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या का भी मुख्य आरोपी है। अनमोल का नाम 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी सामने आया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनमोल को अमेरिका में गैर-कानूनी तरीके से घुसने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। अब उसे भारत डिपोर्ट किया जा रहा है। वह भारत में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) की वॉन्टेड लिस्ट में है। NIA ने उस पर ₹10 लाख का इनाम भी घोषित किया था।