फरीदाबाद में आतंकी साजिश का भंडाफोड़, डॉक्टर ने घर में छिपा रखा था 360 किलो विस्फोटक

Nov 10, 2025 - 16:20
Nov 10, 2025 - 18:49
फरीदाबाद में आतंकी साजिश का भंडाफोड़, डॉक्टर ने घर में छिपा रखा था 360 किलो विस्फोटक

हरियाणा के फरीदाबाद में एक डॉक्टर के घर से 360 किलोग्राम विस्फोटक (शक है कि अमोनियम नाइट्रेट) बरामद किया गया है। एक असॉल्ट राइफल और कारतूस भी मिले हैं। यह रेड जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की थी। गिरफ्तार डॉक्टर की पहचान मुज़म्मिल शकील के रूप में हुई है। वह फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी में पढ़ाता था और पुलवामा के कोइल का रहने वाला है। इससे पहले, 7 नवंबर को जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से डॉ. आदिल अहमद को गिरफ्तार किया था। वह अनंतनाग (कश्मीर) का रहने वाला है। आदिल अनंतनाग के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) में प्रैक्टिस करता था, लेकिन 2024 में उसने इस्तीफा दे दिया और उसके बाद सहारनपुर में प्रैक्टिस शुरू कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, डॉ. मुज़म्मिल ने तीन महीने पहले फरीदाबाद के धौज गांव में एक कमरा किराए पर लिया था। वह वहां रहता नहीं था, बल्कि उसने वह कमरा सिर्फ विस्फोटक रखने के लिए किराए पर लिया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बताया कि अब तक गिरफ्तार आतंकवादियों से कुल 2900 किलोग्राम IED बनाने का सामान बरामद किया गया है। यह मॉड्यूल जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और अंसार ग़ज़वत-उल-हिंद (AGuH) जैसे बैन संगठनों से जुड़ा था। पुलिस ने बताया कि ये आरोपी विदेशी हैंडलर्स के इशारों पर काम करते थे और सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड चैनलों के ज़रिए आतंकवादी गतिविधियां करते थे।