गुजरात में बड़ा आतंकी साज़िश का पर्दाफाश! ISKP लिंक से जुड़े तीन संदिग्ध गिरफ्तार
गुजरात एंटी-टेररिज्म स्क्वाड (ATS) ने आतंकवादी हमलों की साज़िश रचने के आरोप में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। ATS का दावा है कि तीनों एक साल से निगरानी में थे। उन्हें रविवार, 9 नवंबर को गिरफ्तार किया गया, जब वे कथित तौर पर हथियारों की खेप लेने वाले थे। ATS के मुताबिक, वे देश के अलग-अलग हिस्सों में आतंकवादी हमले करने की योजना बना रहे थे। तीनों संदिग्धों की पहचान अहमद मोहिउद्दीन सैयद, मोहम्मद सुहैल और आज़ाद सैफी के रूप में हुई है। इनमें से एक, 35 साल का अहमद मोहिउद्दीन, चीन से MBBS ग्रेजुएट है। उस पर खतरनाक ISIS विंग, ISKP (इस्लामिक स्टेट-खुरासान प्रांत) से जुड़े कट्टरपंथियों के संपर्क में रहने का आरोप है।
ATS के मुताबिक, गिरफ्तारियां गांधीनगर के अडालज टोल प्लाजा के पास की गईं। उनके पास से दो ग्लॉक पिस्तौल, एक बेरेटा पिस्तौल, 30 ज़िंदा कारतूस और 4 लीटर अरंडी का तेल बरामद किया गया। गुजरात ATS के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (DIG) सुनील जोशी ने मीडिया से बात करते हुए कहा:
"हमें जानकारी मिली थी कि हैदराबाद का एक व्यक्ति, अहमद मोहिउद्दीन सैयद, आतंकवादी गतिविधियों में शामिल था और इसी सिलसिले में अहमदाबाद आ रहा था... जांच करने पर, उसकी गतिविधि अहमदाबाद में ट्रेस की गई। इसके बाद उसे अडालज के पास एक टोल प्लाजा पर गिरफ्तार किया गया..."
"वह एक ऐसी आतंकवादी गतिविधि को अंजाम देना चाहता था जिससे भारी नुकसान हो। वह कई विदेशी नागरिकों के संपर्क में था। उनमें से एक अबू खदीजा नाम की टेलीग्राम ID थी, जो कथित तौर पर ISKP से जुड़ा हुआ था।"