भारत-US के बीच ₹775 करोड़ की डिफेंस डील, 100 जैवलिन सिस्टम और 216 एक्सकैलिबर शेल खरीद
अमेरिका भारत को 100 जैवलिन मिसाइल सिस्टम (FGM-148) और 216 एक्सकैलिबर प्रोजेक्टाइल स्मार्ट आर्टिलरी शेल (M982A1) बेचेगा। दोनों देशों के बीच $92.8 मिलियन (लगभग ₹775 करोड़) की डील हुई है।
US डिफेंस सिक्योरिटी कोऑपरेशन एजेंसी (DSCA) ने बुधवार को बताया कि इस सेल के लिए ज़रूरी मंज़ूरी और डिटेल्स US कांग्रेस को सौंप दी गई हैं। DSCA ने कहा कि ये हथियार भारत को मौजूदा और भविष्य के खतरों से निपटने में मदद करेंगे।
FGM-148 जैवलिन एक पोर्टेबल एंटी-टैंक मिसाइल है जिसे टैंक, आर्मर्ड गाड़ियों और बंकरों को नष्ट करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह मिसाइल टारगेट के हीट सिग्नेचर का पता लगाकर उस पर हमला करती है। इसकी रेंज 2500 मीटर है। यह धुएं, धूल या खराब मौसम में भी टारगेट को नष्ट करने में सक्षम है।
M982A1 एक GPS-गाइडेड स्मार्ट आर्टिलरी शेल है। यह स्मार्ट बम की तरह काम करता है, लेकिन इसे तोप से दागा जाता है। जहां एक आम तोप की रेंज 15-20 किलोमीटर होती है, वहीं एक्सकैलिबर 40-50 किलोमीटर दूर तक के टारगेट पर सटीक निशाना लगा सकती है।