डॉ. उमर उन नबी की पहचान पक्की! DNA टेस्ट से हुई पुष्टि, कार में मिले हड्डी और दांत के सैंपल
दिल्ली लाल किला ब्लास्ट का सबसे पास का CCTV फुटेज सामने आया है। 10 सेकंड के वीडियो में लाल किला मेट्रो स्टेशन के सिग्नल पर 20 गाड़ियां खड़ी दिख रही हैं।
शाम करीब 6:51 बजे सिग्नल ग्रीन हुआ। जैसे ही गाड़ियां आगे बढ़ीं, एक चलती हुई i20 कार में धमाका हो गया। ज़ोरदार धमाके से आग लग गई, जिससे आस-पास की ज़्यादातर गाड़ियां जलकर खाक हो गईं।
दो दिन बाद, ब्लास्ट वाली जगह से 300 मीटर दूर एक कटा हुआ हाथ मिला। फोरेंसिक टीम ने न्यू लाजपत नगर मार्केट में एक दुकान के शेड पर पड़े हाथ को जांच के लिए भेजा।
पुलिस अब एक सिल्वर ब्रेज़ा कार की तलाश कर रही है। खबर है कि आतंकवादियों ने इसका इस्तेमाल लॉजिस्टिक सपोर्ट के लिए किया था।
इस बीच, डॉ. उमर उन नबी का DNA उनकी मां से मैच कर गया। जांच टीमों को कार से उमर के दांत, हड्डियां, खून से सने कपड़ों के टुकड़े और उनके पैर का एक हिस्सा मिला, जो स्टीयरिंग व्हील और एक्सीलेटर के बीच फंसा हुआ था। इससे यह कन्फर्म होता है कि ब्लास्ट के समय डॉ. उमर कार में मौजूद थे। 10 नवंबर को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए ब्लास्ट में 13 लोग मारे गए थे। घायलों में से एक की गुरुवार सुबह मौत हो गई।