Bihar Election 2025: 25 साल बाद अपने गांव में वोट डाल पाएंगे हरहाज, पथरा और केवालडीहा के लोग
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में 122 सीटों पर 11 नवंबर को वोटिंग होगी। 11 नवंबर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी। इस चरण के लिए 45,399 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनाव अधिकारी आज शाम तक EVM लेकर बूथों पर पहुंच जाएंगे।
इन 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं। विधानसभा चुनाव के नतीजे 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे। पहले चरण में रिकॉर्ड 65% वोटिंग हुई थी।
इमामगंज ब्लॉक के हरहाज, पथरा और केवालडीहा गांवों के वोटर लगभग 25 साल बाद अपने ही गांवों में वोट डाल पाएंगे। 2001 में हुए पिछले चुनाव के बाद से इन तीनों गांवों के लोग वोट नहीं डाल पा रहे थे।
ऐसा इसलिए था क्योंकि नक्सलियों की मौजूदगी के कारण प्रशासन ने इन गांवों के पोलिंग बूथ को 10-12 किलोमीटर दूर सलैया में शिफ्ट कर दिया था। दूरी और ट्रांसपोर्ट की कमी के कारण गांव वाले पोलिंग स्टेशन तक नहीं पहुंच पाते थे, जिससे वे वोट देने के अपने अधिकार से वंचित रह जाते थे।